15 साल के वैभव सूर्यवंशी इन दिनों अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी को लेकर सुर्खियों में हैं. यूएई के खिलाफ एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में उन्होंने 53 गेंदों पर 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. मैदान पर इतिहास रचने के बाद वैभव ने सोशल मीडिया पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए 10 शब्दों में अपने चाहने वालों का शुक्रिया अदा किया.
यूएई के खिलाफ मुकाबले में शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की. उन्होंने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद अगली 12 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था, जिन्होंने 2023 में 29 गेंदों में शतक लगाया था.
शतक पूरा करने के बाद भी वैभव का बल्ला नहीं रुका. उन्होंने महज 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिया. इस तरह वह लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. आखिरकार उनकी पारी 53 गेंदों पर 204 रन बनाकर समाप्त हुई.
वैभव ने अपनी इस ऐतिहासिक पारी में छक्कों की भी जमकर बरसात की. उन्होंने कुल 28 छक्के लगाए, जो प्रोफेशनल क्रिकेट में किसी एक पारी में बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड तनमय अग्रवाल के नाम था. उन्होंने 2024 में हैदराबाद की ओर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में 26 छक्के लगाए थे.
दोहा का मैदान वैभव सूर्यवंशी के लिए खास साबित हो रहा है. यूएई के खिलाफ इस ऐतिहासिक पारी से पहले भी वह यहां अपने बल्ले का दम दिखा चुके हैं. पिछले साल टी20 मुकाबलों में उन्होंने चार मैचों में 59.75 की औसत और 243.88 के शानदार स्ट्राइक रेट से 239 रन बनाए थे.