(WTC) 2025-27 के फाइनल में पहुंचने की जंग अब और दिलचस्प हो गई है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद पॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. इसका नुकसान टीम इंडिया को भी उठाना पड़ा है. भारतीय टीम अब चौथे स्थान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने दूसरा स्थान हासिल कर लिया है.
दूसरी तरफ, मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका शानदार स्थिति में है और अंक तालिका में पहले नंबर पर बना हुआ है. न्यूजीलैंड भी तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल की दौड़ में शामिल है. ऐसे में भारतीय टीम के सामने अब अपने बाकी बचे मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने की चुनौती होगी.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में कुल 9 टीमें हिस्सा लेती हैं. इन टीमों के बीच दो साल तक टेस्ट सीरीज खेली जाती हैं. इस दौरान मिलने वाले कुल अंकों के बजाय पॉइंट्स परसेंटेज (PCT) के आधार पर टीमों की रैंकिंग तय होती है.
आसान भाषा में समझें तो जिस टीम ने अपने लिए उपलब्ध कुल अंकों में से जितने प्रतिशत अंक हासिल किए हैं, उसी हिसाब से उसकी रैंकिंग बनती है. दो साल का चक्र खत्म होने के बाद अंक तालिका में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें फाइनल में जगह बनाती हैं.
WTC की अंक प्रणाली को समझना भी जरूरी है. इसमें एक टेस्ट मैच जीतने पर टीम को 12 अंक मिलते हैं. वहीं, मुकाबला टाई होने पर दोनों टीमों को 6-6 अंक और ड्रॉ होने पर 4-4 अंक दिए जाते हैं.
उदाहरण के तौर पर अगर कोई टीम अपने दो टेस्ट मैचों में एक जीतती है और दूसरा हार जाती है, तो उसके खाते में 12 अंक होंगे. जबकि इन दो मैचों में अधिकतम 24 अंक मिल सकते थे. ऐसे में उसका पॉइंट्स परसेंटेज 50 फीसदी होगा.
यानी सिर्फ मैच जीतना ही नहीं, बल्कि उपलब्ध अंकों में से ज्यादा से ज्यादा अंक हासिल करना भी फाइनल की रेस में बेहद जरूरी है. धीमी ओवर गति के कारण टीमों के अंक भी काटे जा सकते हैं.