सैंडपेपर कांड में AB डिविलियर्स का बड़ा खुलासा, बोले- केपटाउन नहीं डरबन से शुरू हुई थी बेईमानी

Posted on: 2026-11-23


क्रिकेट का 2018 का सैंडपेपर कांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. इस बार दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने ऐसा दावा किया है, जिससे आठ साल पुराने विवाद में नया मोड़ आ गया है. डिविलियर्स का कहना है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सिर्फ केपटाउन टेस्ट ही नहीं, बल्कि सीरीज के पहले मैच यानी डरबन टेस्ट में भी गेंद के साथ छेड़छाड़ की थी.

यह विवाद उस्मान ख्वाजा की किताब और बैनक्रॉफ्ट के हालिया बयानों के बाद फिर गर्माया है. पैट कमिंस और अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने टीम के सभी सदस्यों को इस साजिश की जानकारी होने के दावों को खारिज किया है.दरअसल, हाल ही में कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने 2018 के दौरे को लेकर कई नए खुलासे किए थे. उन्होंने बताया था कि पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी गेंद के साथ छेड़छाड़ की गई थी. हालांकि, बैनक्रॉफ्ट ने साफ कहा था कि डरबन टेस्ट में सैंडपेपर का इस्तेमाल नहीं हुआ था.

याद दिला दें कि केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान बैनक्रॉफ्ट कैमरे में सैंडपेपर से गेंद को रगड़ते हुए पकड़े गए थे. इसके बाद स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर कार्रवाई हुई थी.