28 अक्टूबर को चिरंई पहुंचेंगे मुख्यमंत्री साय, कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा

Posted on: 2026-10-23


बलरामपुर, 23 अक्टूबर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 28 अक्टूबर को बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चिरंई में आगमन प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज शुक्रवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हेलीपैड, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित तिथि से पहले पूरी कर ली जाएं। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनमोल विवेक टोप्पो, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।