जगदलपुर : छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति के लिए आवेदन शुरू

Posted on: 2026-10-06


जगदलपुर, 06 अक्टूबर 2026 छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली एवं निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के दौरान आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना’ संचालित की जा रही है। इस पहल के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आईआईटी, ऐम्स, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस, एनआईटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को तात्कालिक सहायता दी जाएगी।  

योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र छात्र-छात्राओं से 30 अक्टूबर 2026 तक ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन निर्धारित प्रपत्र में रजिस्टर्ड डाक द्वारा अथवा जगदलपुर के कलेक्टोरेट स्थित आदिवासी विकास के सहायक आयुक्त कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर जमा किए जा सकते हैं, जबकि अंतिम तिथि के पश्चात किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इस हेतु आवेदन का प्रारूप संबंधित जिले के सहायक आयुक्त कार्यालय से अथवा विभागीय पोर्टल मासंअलंण्बहण्दपबण्पद से सीधे प्राप्त किया जा सकता है।  

इस योजना के अंतर्गत केवल छत्तीसगढ़ राज्य के मूल निवासी विद्यार्थी ही पात्र होंगे, जिनका नाम राज्य हेतु अधिसूचित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल हो। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास संबंधित राष्ट्रीय संस्थान में चयन की पात्रता, चयन प्रमाण-पत्र तथा प्रवेश हेतु संस्था द्वारा जारी आधिकारिक सूचना पत्र होना आवश्यक है।

पात्रता के वित्तीय मापदंडों के अनुसार आवेदक के पालक की वार्षिक आय ढाई लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। नियमों के तहत सामान्य शासकीय सेवकों के आश्रितों को इस योजना से बाहर रखा गया है, हालांकि राहत की बात यह है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चे इस छात्रवृत्ति का लाभ उठाने के लिए पूरी तरह पात्र होंगे। सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर केवल विहित प्रारूप में ही अपना आवेदन प्रस्तुत करें।