चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला एक बदमाश गिरफ्तार

Posted on: 2026-09-11


जगदलपुर, 11 सितंबर । जिले के थाना बोधघाट पुलिस ने आज शुक्रवार काे सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाले एक बदमाश रोनित बघेल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया है। थाना बोधघाट में कार्रवाई उपरांत आज शुक्रवार काे आरोपित को न्यायिक रिमांड पर रवाना कर किया है।

बोधघाट पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित कुरसो सोना निवासी कुम्हारपारा ने थाना बोधघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 सितंबर की सुबह उसके ऑटो के पीछे कुम्हारपारा, गुरु घासीदास वार्ड निवासी रोनित बघेल नशा कर रहा था। उसे नशा करने से मना करने पर आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बांस के डंडे से मारकर चोट पहुंचाई। आरोप है कि इसके बाद युवक ने अपने पास रखे धारदार चाकू को निकालकर लहराया और पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत पर थाना बोधघाट में अपराध दर्ज कर थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपित रोनित बघेल (20 वर्ष), निवासी कुम्हारपारा, गुरु घासीदास वार्ड, जगदलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित द्वारा घटना करना स्वीकार किए जाने के बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू जब्त किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक मयाराम कश्यप और आरक्षक होरी लाल का याेगदान रहा।