कोण्डागांव, 17 जून 2026
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला कोण्डागांव तथा बाल्को मेडिकल सेंटर रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में 18 जून 2026 को जिला अस्पताल कोण्डागांव में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में कैंसर के विभिन्न प्रकारों की जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
यह शिविर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के आयोजन में जिला नोडल अधिकारी गैर संचारी रोग कार्यक्रम डॉ. ममता ठाकुर एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. भावना महलवार की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
शिविर में बाल्को मेडिकल सेंटर रायपुर की 10 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम द्वारा अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से कैंसर की जांच की जाएगी। महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की जांच हेतु मैमोग्राफी तथा बच्चेदानी के मुंह के कैंसर की जांच हेतु पेप स्मीयर परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा मुख कैंसर की जांच के लिए ब्रश साइटोलॉजी सहित विभिन्न प्रकार के कैंसरों की स्क्रीनिंग एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी ने बताया कि कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान और समय पर उपचार से रोग के सफल उपचार की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि स्तन में गांठ या असामान्य उभार, मुंह में लंबे समय तक रहने वाले घाव, आवाज में भारीपन, लगातार खांसी, निगलने में कठिनाई, त्वचा में असामान्य परिवर्तन, बिना कारण वजन कम होना, मल-मूत्र की आदतों में बदलाव, महिलाओं में मासिक धर्म संबंधी असामान्यताएं तथा पेट के निचले हिस्से में लगातार दर्द जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लक्षण अथवा कैंसर संबंधी संदेह होने पर इस निःशुल्क शिविर में पहुंचकर अपनी जांच अवश्य करवाएं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करें।
जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेकर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाने की अपील की गई है।