नॉर्वे शतरंज: प्रज्ञानानंद ने अलीरजा फिरोज़जा को हराया, वेस्ली सो शीर्ष पर बरकरार

Posted on: 2026-06-02


ओस्लो (नॉर्वे), 02 जून।नॉर्वे शतरंज 2026 के सातवें दौर में रोमांच चरम पर रहा। इस दौर में एक मुकाबले का फैसला क्लासिकल शतरंज में हुआ, जबकि दो अन्य मुकाबलों का नतीजा आर्मागेडन टाईब्रेकर से निकला।

सोमवार को खेले गए सातवें दौर में दिन का सबसे बड़ा उलटफेर भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने किया। उन्होंने क्लासिकल मुकाबले में अलीरजा फिरोज़जा को पराजित कर खिताबी दौड़ को और रोमांचक बना दिया। लंबे समय तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में प्रज्ञानानंद ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त को जीत में बदल दिया। टूर्नामेंट में यह अलीरजा फिरोज़जा की दूसरी क्लासिकल हार रही।दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन और विन्सेंट कीमर के बीच क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहा। इसके बाद हुए आर्मागेडन मुकाबले में कार्लसन ने बाजी मारते हुए अतिरिक्त अंक हासिल किए और शीर्ष खिलाड़ियों पर दबाव बनाए रखा।

वहीं मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश और वेस्ली सो के बीच क्लासिकल मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। आर्मागेडन में गुकेश ने जीत दर्ज कर महत्वपूर्ण अतिरिक्त अंक अपने नाम किए।सातवें दौर के बाद वेस्ली सो 12.5 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं। अलीरजा फिरोज़जा 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि मैग्नस कार्लसन, विन्सेंट कीमर और आर. प्रज्ञानानंद 9-9 अंकों के साथ खिताब की दौड़ में बने हुए हैं।

महिला वर्ग में बिबिसारा असाउबायेवा की बढ़त मजबूत, दिव्या देशमुख दूसरे स्थान पर नॉर्वे शतरंज महिला प्रतियोगिता में बिबिसारा असाउबायेवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त और मजबूत कर ली।सफेद मोहरों से खेलते हुए उन्होंने झू जिनर को क्लासिकल मुकाबले में हराकर पूरे तीन अंक हासिल किए। मध्य खेल में बढ़त बनाने के बाद उन्होंने आत्मविश्वास के साथ जीत सुनिश्चित की।

भारत की दिव्या देशमुख और कोनेरू हम्पी के बीच क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहा। हालांकि आर्मागेडन मुकाबले में दिव्या ने काले मोहरों से खेलते हुए जीत दर्ज की और अतिरिक्त अंक हासिल किए।दूसरे मुकाबले में मौजूदा महिला विश्व चैंपियन जू वेनजुन और अन्ना मुज़ीचुक के बीच क्लासिकल बाजी बराबरी पर समाप्त हुई। इसके बाद आर्मागेडन में मुज़ीचुक ने जीत हासिल कर महत्वपूर्ण अतिरिक्त अंक अपने खाते में जोड़े।

सातवें दौर के बाद बिबिसारा असाउबायेवा 12.5 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि दिव्या देशमुख 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं। अन्ना मुज़ीचुक 9.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।