दंतेवाड़ा, 27 मई 2026 स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत जिले में 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक संचालित विशेष स्वच्छता अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में व्यापक जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक परिवार को शौचालय उपयोग एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के अंतर्गत विकासखंड समन्वयक, युवोदय टीम, स्वयंसेवकों तथा स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा गांव-गांव पहुंचकर स्वच्छता संबंधी संदेश दिया जा रहा है। टीम द्वारा घर-घर जाकर व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय निर्माण, शौचालय उपयोग की आवश्यकता तथा खुले में शौच से होने वाली हानियों के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी जा रही है। साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी ग्रामीणों को प्रेरित किया जा रहा है। आज दिनांक 27 मई 2026 को ग्राम पंचायत बड़े पनेडा में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, समुदाय के लोगों तथा युवोदय टीम की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने मिलकर गांव में स्वच्छता गतिविधियां संचालित कीं तथा ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत हितावर में भी ब्लॉक समन्वयक एवं स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को घर-घर जाकर जागरूक किया गया। अभियान के दौरान लोगों से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा नियमित रूप से शौचालय का उपयोग करने की अपील की गई। युवोदय टीम द्वारा स्थानीय भाषा हल्बी एवं गोंडी में मुनादी कर लोगों को स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। पूर्व में आयोजित अभियान में क्षेत्रीय विधायक श्री चैतराम अटामी सहित जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर ग्रामीणों को स्वच्छता पथ का संकल्प दिलाया था। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।