सीएसपीडीसीएल के कर्मचारियों ने पदोन्नति को लेकर भेदभाव का लगाया आरोप

Posted on: 2026-05-23


जगदलपुर , 23 मई । छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) में पदोन्नति को लेकर जगदलपुर क्षेत्र के कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कर्मचारियों ने प्रबंधन पर पदोन्नति प्रक्रिया में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। वर्ष 2023 में जगदलपुर, अंबिकापुर और केंद्रीय जोन के विभाजन के बाद से जगदलपुर क्षेत्र के कई कर्मचारी पदोन्नति से वंचित हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यालय सहायक श्रेणी-एक से अनुभाग अधिकारी पद पर पदोन्नति के लिए क्षेत्रीय चयन समिति द्वारा भेजे गए पैनल को प्रबंधन स्वीकृति नहीं दे रहा है। जबकि पूर्व में तृतीय वर्ग तक की पदोन्नति क्षेत्रीय स्तर पर रिक्त पदों के आधार पर समय पर होती रही है।

कर्मचारियों का आरोप है कि केंद्रीय स्तर के अधिकारियों और संगठनों के दबाव में क्षेत्रीय कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। जगदलपुर क्षेत्र में पहले से ही कर्मचारियों की भारी कमी है और अधिकांश कार्यालयों में अनुभाग अधिकारी के पद रिक्त पड़े हैं, जिससे कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ ने इस संबंध में प्रबंधन को पत्र लिखकर न्याय की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने न्यायालय की शरण लेने की चेतावनी दी है।