धमतरी, 02 अप्रैल ।भीषण गर्मी के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ धमतरी के मार्गदर्शन में कलेक्टरेट रोड पर प्याऊघर की शुरुआत की गई। इस सराहनीय पहल का शुभारंभ हनुमान जयंती के अवसर पर गुरुवार को किया गया।
यह प्याऊघर स्थानीय संघ भारत स्काउट गाइड, साहू संघ अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ, ‘नई आशा नई उमंग’ तथा छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में स्थापित किया गया है। उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, साहू समाज जिला अध्यक्ष गणेश राम साहू और स्काउट गाइड जिला अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद साहू द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अभय जायसवाल ने कहा कि स्काउट गाइड सेवा का प्रथम पायदान है, जो व्यक्ति के भीतर सेवा भावना विकसित कर समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गणेश राम साहू ने कहा कि भीषण गर्मी में प्याऊघर लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और “जल ही जीवन है” की भावना को साकार करता है। डॉ. गणेश प्रसाद साहू ने राहगीरों को पानी, छाया और सुविधा उपलब्ध कराने जैसे सेवा कार्यों पर जोर देते हुए सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का मिठाई बांटकर स्वागत किया गया।
इस आयोजन में एस. के. सूर्यवंशी, लीलाधर चौधरी, सोहनलाल साहू, हिना भेषले, डोलेश्वरी साहू, डॉ. मंजूषा साहू, संत राम साहू, दीपेंद्र साहू, कमलेश कांत साहू, केकती साहू, डॉ. आशीष नायक, परविंदर कौर, हरिश साहू, हेमंत साहू, डुवेंद्र मंडावी, दिग्विजय सिंह कृदत्त, टेमेश पटेल, श्याम सुंदर नेताम, पिंकी वैष्णव और थमेश्वरी साहू सहित कई लोगों का उल्लेखनीय योगदान रहा।