आई-पैक पर ईडी की छापेमारी काे लेकर तृणमूल-भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप तेज

Posted on: 2026-04-02


कोलकाता, 02 अप्रैल । इसी साल जनवरी में राजनीतिक रणनीति परामर्श संस्था आई-पैक से जुड़े अधिकारियों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कई शहरों में छापेमारी को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। तृणमूल कांग्रेस ने इसे भाजपा की ओर से उसके चुनाव अभियान को बाधित करने की “हताश कोशिश” बताया है।

अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने पश्चिम बंगाल से जुड़े कथित कोयला तस्करी और चोरी के मामले की जांच के सिलसिले में बेंगलुरु, हैदराबाद और दिल्ली में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें आई-पैक के सह-संस्थापक और निदेशक ऋषि राज सिंह के परिसर भी शामिल बताए गए हैं।

तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कुनाल घोष ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार शुरू होने के समय केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से भाजपा उनकी पार्टी को परेशान करने की कोशिश कर रही है। उनका दावा था कि इस कार्रवाई का उद्देश्य तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति की जानकारी हासिल करना है।

कुनाल घोष ने कहा कि इससे पहले जनवरी में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी और भाजपा इस तरह के तरीकों से राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे कदमों से जनता का समर्थन तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में और मजबूत होगा।

उल्लेखनीय है कि, जनवरी में पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी कोलकाता में आई-पैक के एक निदेशक के आवास पर चल रही तलाशी के दौरान वहां पहुंची थीं और उन्होंने आरोप लगाया था कि एजेंसी तृणमूल कांग्रेस की आंतरिक चुनावी रणनीति से जुड़े दस्तावेज जब्त करना चाहती है।

वहीं, भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने तृणमूल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि छापेमारी का चुनाव से कोई संबंध नहीं है और यह कोयला तथा पशु तस्करी से जुड़े मामलों की चल रही जांच का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे मामलों में तृणमूल के कई नेताओं और मंत्रियों पर कार्रवाई हुई है। भाजपा नेता ने कहा कि जांच प्रक्रिया जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, आई-पैक के निदेशक ऋषि राज सिंह और प्रतीक जैन को हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के लिए तलब किया था। दोनों ने इन नोटिसों को चुनौती देते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया है और चुनावी कार्यों का हवाला दिया है।