ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उनके इस फैसले के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के एक शानदार अध्याय का अंत हो गया। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, अनोखे शॉट्स और मैच का रुख पलटने की क्षमता के लिए मशहूर मैक्सवेल ने करीब 14 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना जलवा दिखाया। उन्हें क्रिकेट की दुनिया में 'द बिग शो' के नाम से भी जाना जाता है। मैक्सवेल ने 2 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। 38 साल के इस खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों प्रारूपों में क्रिकेट खेला और अपने करियर में कई यादगार उपलब्धियां हासिल कीं। हालांकि, उनके संन्यास की खबर के बीच सबसे ज्यादा चर्चा साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी ऐतिहासिक पारी की हो रही है।
मैक्सवेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 टेस्ट, 149 वनडे और 130 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। उन्होंने वनडे क्रिकेट में 3,990 रन बनाए, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम 2,897 रन दर्ज हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 339 रन बनाए। गेंदबाजी में भी मैक्सवेल ने अपनी उपयोगिता साबित की और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 136 विकेट हासिल किए। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 10 शतक दर्ज हैं। खास बात यह है कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 2015 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के साथ 2021 का टी20 वर्ल्ड कप जिताने में भी अहम भूमिका निभाई
मैक्सवेल के करियर की सबसे यादगार पारी 7 नवंबर 2023 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में देखने को मिली थी। वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 292 रनों का लक्ष्य मिला था। एक समय ऑस्ट्रेलियाई टीम की हालत बेहद खराब थी और उसने महज 91 रन पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि अफगानिस्तान यह मुकाबला आसानी से जीत जाएगा। लेकिन इसके बाद मैदान पर ग्लेन मैक्सवेल ने ऐसा चमत्कार किया, जिसे क्रिकेट इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
मैक्सवेल उस मुकाबले में पैर की मांसपेशियों में तेज ऐंठन से परेशान थे। उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि कई बार उन्हें मैदान पर लेटना पड़ा। वह ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने कप्तान पैट कमिंस के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। मैक्सवेल ने महज 128 गेंदों में नाबाद 201 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 21 चौके और 10 छक्के निकले। वहीं कमिंस ने 68 गेंदों में नाबाद 12 रन बनाकर उनका साथ दिया। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 202 रनों की नाबाद साझेदारी हुई और ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट से मुकाबला जीत लिया। मैक्सवेल वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में दोहरा शतक लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज भी बने