जगदलपुर । बस्तर जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या के मामले में पुलिस का शक उसके फरार पति पर गहरा गया है। घटना के बाद से आरोपी पति लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से सब्जी काटने वाला एक चाकू बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल हत्या में किए जाने की आशंका जताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने वारदात के बाद घर में मौजूद खून के निशान मिटाने की कोशिश की थी। वहीं, घर के बाहर कई दिनों से ताला लगा होने की जानकारी भी मिली है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। मृतका एक होटल में काम करती थी और देर रात घर लौटने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस इसी एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों सहित कई लोगों से पूछताछ कर रही है। फरार पति की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।